
गुरुग्राम (लोकेश कुमार): एससीईआरटी (SCERT) के दिशा-निर्देशानुसार जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में पीजीटी केमिस्ट्री (PGT Chemistry) प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलता पूर्वक संपन्न हो गया। यह कार्यक्रम जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सह प्रिंसिपल डाइट सुमिता रांगी के कुशल नेतृत्व और ट्रेनिंग विंग इंचार्ज सोना यादव की देखरेख में आयोजित किया गया।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर आधारित प्रशिक्षण ट्रेनिंग विंग के सदस्य डॉ. ओमबीर यादव ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों के भीतर वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तर्कशक्ति और सर्जनात्मकता विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि वे वैश्विक स्तर की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हो सकें। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों का प्री-टेस्ट और पोस्ट-टेस्ट लिया गया, जिसके आधार पर इस कार्यक्रम की ‘इंपैक्ट स्टडी’ की जाएगी।
21वीं सदी के कौशलों का विकास ट्रेनिंग विंग इंचार्ज सोना यादव ने कहा कि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों के माध्यम से विद्यार्थियों में 21वीं सदी के अनुरूप कौशलों का विकास करना है। इससे बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा को बाहर निकलने का अवसर मिलता है और वे अपनी ऊर्जा का सही व सकारात्मक दिशा में उपयोग कर पाते हैं। वहीं, डाइट प्रभारी पृथ्वीराज ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों से शिक्षकों को अपने विषय में हो रहे नवीनतम बदलावों की अद्यतन (Updated) जानकारी मिलती है।
इन प्रमुख विषयों पर दी गई ट्रेनिंग प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को आधुनिक और व्यावहारिक विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई:
- कला समेकित शिक्षा और खिलौना आधारित अधिगम
- केमिस्ट्री में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) व ICT का प्रयोग
- राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा (NCF-2023) और पोश व पोक्सो एक्ट
- ब्लूम टैक्सनॉमी, समग्र प्रगति पत्र आधारित मूल्यांकन व करियर काउंसलिंग
- केमिस्ट्री पेडागॉजी, ऑर्गेनिक, इनऑर्गेनिक, इलेक्ट्रोकेमेस्ट्री, थर्मोडायनेमिक्स और नेम रिएक्शन जैसे मुख्य विषय
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में डाइट के वरिष्ठ प्राध्यापक तखत सिंह चौहान, अरुण कुमार राघव, अनिल कुमार, नेहा शर्मा, बलविंदर कौर और मुकेश कुमार शर्मा का विशेष सहयोग रहा।